थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव निबऊआ में रविवार को दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय दिव्यांग किशोर की निर्माणाधीन शौचालय के गटर टैंक में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान सचिन (14) पुत्र स्व. बीरेन्द्र खटीक निवासी निबऊआ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार घर में शौचालय का निर्माण कार्य चल रहा था। शौचालय के लिए बनाए गए गटर के टैंक में शनिवार शाम पानी भर गया था। रविवार को राजमिस्त्री को पहुंचकर आगे का निर्माण कार्य शुरू करना था।
बताया गया कि घटना के समय सचिन की मां अनीता, जो स्वयं दिव्यांग हैं, घर के बाहर साफ-सफाई कर रही थीं। घर के अंदर छोटा भाई प्रिंस सचिन को खाना खिला रहा था। इसी दौरान प्रिंस शौच के लिए खेत की ओर चला गया। वह सचिन को घर में ही छोड़कर गया था। कुछ देर बाद वापस लौटने पर सचिन उस स्थान पर नहीं मिला, जहां उसे बैठाकर गया था।
प्रिंस ने इसकी जानकारी मां को दी। दोनों ने घर में सचिन की तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शक होने पर निर्माणाधीन गटर के टैंक में देखा गया तो सचिन का शव पानी में पड़ा मिला। परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर सिढ़पुरा थाना पुलिस और क्षेत्रीय लेखपाल अमित सक्सेना मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार सचिन जन्म से ही दिव्यांग था। हादसे के बाद मां अनीता और छोटे भाई प्रिंस का रो-रोकर बुरा हाल है।