जन्मदिन की बुकिंग के लिए गई थी किशोरी, बेहोश करने का भी लगाया आरोप; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज शहर के एक कैफे में 16 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ और उसे खाना खिलाकर बेहोश करने का आरोप सामने आया है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने कैफे संचालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है।
पुलिस के अनुसार, एक कॉलोनी निवासी किशोरी कुछ दिन पहले अपने जन्मदिन के आयोजन के लिए कैफे बुक कराने गई थी। इसके लिए उसने कैफे संचालक को एक हजार रुपये अग्रिम दिए थे। सोमवार को वह दोपहर करीब 12 बजे कैफे पहुंची। वहां काउंटर पर एक युवती और कैफे संचालक मौजूद थे। किशोरी ने हॉल में जन्मदिन के लिए पिक्चर बैकग्राउंड दिखाने को कहा। पुलिस के मुताबिक, बैकग्राउंड देखने के बाद वह वहां बैठी और संचालक की ओर से खाना खाने के लिए कहे जाने पर उसने एक रोटी खाई। इसके बाद वह कैफे से अपने घर चली गई।
पुलिस के अनुसार, करीब तीन बजे किशोरी अपने परिजनों के साथ दोबारा कैफे पहुंची और संचालक पर खाना खिलाकर बेहोश करने तथा छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर किशोरी के परिजनों और कैफे संचालक के बीच मारपीट भी हुई।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। पुलिस के अनुसार, फुटेज में किशोरी करीब 12:10 बजे कैफे से बाहर निकलकर पैदल अपने घर की ओर जाती दिखाई दे रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध फुटेज में उसके बेहोश होने का कोई स्पष्ट दृश्य नहीं मिला है।
इसके बाद किशोरी की मां की ओर से कैफे संचालक के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चिकित्सीय परीक्षण तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।