जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली विधानसभा क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने 2 अक्टूबर से पटियाली तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी 15 सूत्रीय मांगें प्रशासन और सरकार के समक्ष रखी हैं।
अब्दुल हफीज गांधी की प्रमुख मांगों में पटियाली विधानसभा क्षेत्र में सरकारी विश्वविद्यालय की स्थापना, हंसी नगला से राजेपुर कुर्रा तक पक्का बांध निर्माण और कादरगंज-बदायूं रोड से हिम्मतनगर बझौरा तक बांध बनाना शामिल है। इसके अलावा शहवाजपुर, किसौल-किलौनी, बरी बगवास, नगला खंडारी और निबिया समेत बाढ़ व कटान प्रभावित क्षेत्रों में पक्के बांधों के निर्माण की मांग की गई है।
उन्होंने पटियाली या गंजडुंडवारा में आधुनिक कृषि मंडी स्थापित करने, गंजडुंडवारा शहर के लिए बाईपास बनाने और गंजडुंडवारा-गणेशपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मांग भी उठाई है। गंजडुंडवारा और पटियाली में स्थायी रोडवेज बस अड्डे स्थापित कर पर्याप्त बस सेवाएं शुरू करने तथा कादरगंज घाट को पक्का कर उसका सौंदर्यीकरण कराने की मांग भी 15 सूत्रीय मांगपत्र में शामिल है।
इसके साथ ही बहोरा-सनौड़ी खास, पटियाली-सिढ़पुरा, दरियावगंज-भरगैन, राम छितौनी-कादरगंज और गंजडुंडवारा के सबीना कॉम्प्लेक्स से सुनगढ़ी तक सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई है। गंगा पार क्षेत्र में किसानों की सुविधा के लिए सहकारी खाद केंद्र, ओम नगरिया और भरगैन में बिजलीघर तथा क्षेत्र के लोगों के लिए सरकारी अस्पताल खोलने की मांग भी रखी गई है।
नगला जयकिशन की टूटी पुलिया के पुनर्निर्माण के साथ गंजडुंडवारा के एटा रोड, रेलवे रोड, थाना रोड और मोहनपुर रेलवे फाटक तक के मार्गों की मरम्मत कर उन्हें आरसीसी सड़क बनाने की मांग भी की गई है।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं और विकास की मांगों को लेकर वह 2 अक्टूबर से पटियाली तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों, नौजवानों, छात्रों और आम जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए आंदोलन जारी रहेगा।