सफाई मित्रों का सम्मान कर बढ़ाया उत्साह, ‘स्वच्छता ही सेवा’ की शपथ दिलाकर गंजडुंडवारा को स्वच्छ बनाने का लिया संकल्प
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत सफाई मित्र सम्मान समारोह एवं स्वच्छता ही सेवा शपथ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी अधिशासी अधिकारी एवं एसडीएम मोहम्मद नासिर ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या कर्मचारी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जब पालिका के सफाई मित्रों के साथ नगरवासी भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी नगर को पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकेगा।
मोहम्मद नासिर ने कहा कि सफाई मित्र प्रतिदिन नगर की सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मेहनत करते हैं। उनके कार्य का सम्मान करना और उनका उत्साह बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर न फेंकें तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने और स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
कार्यक्रम में सफाई मित्रों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर सफाई मित्रों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान सफाई प्रभारी तसलीम अहमद, अजहर हुसैन, तारिक महमूद, सभासद भुवनेश शाक्य, कई सभासदगण, नगर पालिका के कर्मचारी तथा अन्य लोग मौजूद रहे।
इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सभासदों और कर्मचारियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ की शपथ ली। सभी ने स्वच्छता के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, स्वयं स्वच्छता रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
प्रभारी अधिशासी अधिकारी मोहम्मद नासिर ने कहा कि स्वच्छता का प्रभाव सीधे तौर पर नगर के वातावरण और नागरिकों के जीवन पर पड़ता है। इसलिए अभियान के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष स्वच्छता को लेकर जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने सफाई मित्रों से भी अपने कार्य को निरंतर जिम्मेदारी के साथ करने और नगरवासियों से सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के माध्यम से नगरवासियों को यह संदेश दिया गया कि ‘सफाई मित्रों का सम्मान स्वच्छता का सम्मान’ है। वहीं ‘स्वच्छता ही सेवा—सेवा ही संकल्प’ के संदेश के साथ लोगों से गंजडुंडवारा को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर बनाने में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।