जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली, राहुल गुप्ता। गणेश चतुर्थी के अवसर पर स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन शुक्रवार को धूमधाम और भक्तिभाव के साथ किया गया। नगर में करीब एक दर्जन गणेश प्रतिमाओं के साथ भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।
नगर के मुख्य मार्गों से निकली शोभायात्रा में डीजे की धुन पर श्रद्धालु जमकर थिरके। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गणेशोत्सव की खुशियां मनाईं। गणेश प्रतिमाओं से सजे वाहनों के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए कादरगंज स्थित गंगा घाट पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गणेश प्रतिमाओं का गंगा में विसर्जन किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा।
शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान सारांश, विवेक, इशू, लवी, मुकुल, गुंजन, हर्षित, गर्वित, वंशी, शुभम शर्मा और आरव शर्मा सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।