गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा नगर; कादरगंज गंगा घाट पर हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन, पुलिस और पालिका प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। कस्बे में शुक्रवार को गणेश विसर्जन शोभायात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। दस दिनों तक चले गणेश महोत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। नगर के दर्जनों स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्राएं निकाली गईं। बैंड-बाजों की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर भगवान गणेश को भावभीनी विदाई दी। रंग और गुलाल की वर्षा से पूरा नगर सतरंगी नजर आया। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। नगर भ्रमण के बाद सभी प्रतिमाओं को कादरगंज गंगा घाट ले जाकर विधि-विधान से विसर्जित किया गया।
कस्बे में गणेश महोत्सव के तहत दस दिनों तक दर्जनों स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठान किए गए थे। शुक्रवार को महोत्सव के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ विसर्जन शोभायात्रा निकाली। पंचायती बाग से शुरू हुई शोभायात्रा गांधी रोड, सर्राफा बाजार, टीन बाजार और सुदामापुरी रोड होते हुए कादरगंज गंगा घाट पहुंची। यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
वनखंडी महादेव, मोहल्ला धनपाल, केवल, घासी, मूलचंद, खेरू, एटा रोड और सुदामापुरी, कादरगंज रोड, नगला भीकन सहित विभिन्न स्थानों पर सजाए गए पंडालों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं को शोभायात्रा के साथ विसर्जन के लिए ले जाया गया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। गणेश प्रतिमाओं की आरती उतारी गई और प्रसाद वितरित किया गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल और रंगों की होली खेलते हुए भगवान गणेश से अगले वर्ष फिर आने की कामना की।
पुलिस की मुस्तैदी में निकली शोभायात्रा
गणेश विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। कोतवाली प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। नगर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की निगरानी रही। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच शोभायात्रा को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।
नगर पालिका ने संभाली सफाई व्यवस्था
गणेश विसर्जन के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पालिका प्रशासन की ओर से भी विशेष प्रबंध किए गए। अधिशासी अधिकारी एवं एसडीएम मोहम्मद नासिर के निर्देश पर स्वच्छता प्रभारी तस्लीम अहमद ने सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। शोभायात्रा मार्ग से लेकर विसर्जन स्थल तक स्वच्छता के उचित प्रबंध किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर भ्रमण के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए पालिका की टीम सक्रिय रही।
कादरगंज गंगा घाट पर गणेश प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन कर दस दिवसीय महोत्सव का समापन किया गया। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से गणपति बप्पा को विदाई देते हुए अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की।