बारिश के बीच शहर की सड़कों और नालियों का किया निरीक्षण, जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश; तेज हवाओं, वज्रपात और भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच जिलाधिकारी प्रणय सिंह शनिवार को छाता लेकर शहर की सड़कों पर उतर आए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर जलभराव, नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं, मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
शनिवार को बारिश के बीच जिलाधिकारी ने शहर के प्रमुख मार्गों और आवासीय क्षेत्रों में पहुंचकर सड़क, नाली, साफ-सफाई और जल निकासी की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, उन्हें चिह्नित कर प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नालियों में गंदगी और कचरा जमा होने से पानी की निकासी बाधित नहीं होनी चाहिए। जहां कहीं भी नालियां अवरुद्ध हैं, वहां तत्काल सफाई कराकर पानी की सुचारु निकासी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सड़कों पर जमा पानी को शीघ्र हटाने और क्षतिग्रस्त सड़कों व जल निकासी से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर जलभराव वाले स्थानों की निगरानी करें। समस्या सामने आने पर तत्काल टीम भेजकर उसका समाधान कराया जाए। सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार जनपद में भारी वर्षा, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाओं की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम संबंधी चेतावनी के तहत 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि संभावित खराब मौसम को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतें और स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों एवं एडवाइजरी का पालन करें।
सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश
जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, पंचायती राज, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत और सिंचाई विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने तथा जनसुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों, निचले इलाकों, जर्जर भवनों और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। ऑरेंज अलर्ट का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आंधी, वज्रपात और बारिश से बचाव की दी सलाह
जिलाधिकारी ने लोगों से मौसम संबंधी जानकारी नियमित रूप से प्राप्त करने और तेज हवाओं के दौरान घरों के दरवाजे व खिड़कियां सुरक्षित रखने की अपील की है। आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, कच्चे और जर्जर मकानों तथा कमजोर संरचनाओं से दूर रहने को कहा है। मेघगर्जन और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों के नीचे, तालाबों और जलभराव वाले स्थानों के पास न रुकने तथा सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी है।
उन्होंने बिजली के खंभों, तारों और विद्युत उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा टूटे हुए बिजली के तारों को न छूने की हिदायत दी है। तेज बारिश के दौरान नदियों, नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 1077 और 5744272101 जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बारिश के दौरान आमजन को आवागमन में परेशानी न होने देने और जनसुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।