बदायूं। मूसाझाग क्षेत्र के गांव कथरा खगेई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच देर रात एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। गनीमत रही कि मकान गिरने से किसी को चोट नहीं आई और परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कथरा खगेई निवासी राजाराम कश्यप पुत्र मलखान का कच्चा मकान लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आधी रात के समय अचानक ढह गया। बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत पहले से ही कमजोर हो चुकी थीं। रात में परिवार के लोग मकान के अंदर सो रहे थे, तभी अचानक मकान का हिस्सा गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घबराकर बाहर निकले।
राजाराम कश्यप ने बताया कि उनका मकान काफी समय से कच्चा बना हुआ है। बरसात के दिनों में मकान की हालत और भी खराब हो जाती है। उन्होंने बताया कि सरकारी आवास के लिए कई बार आवेदन किया जा चुका है, लेकिन अभी तक उन्हें आवास का लाभ नहीं मिल सका। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। राजाराम ने प्रशासन और सरकार से जल्द से जल्द सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को सुरक्षित छत मिल सके।
वहीं, लगातार हो रही बारिश का असर गांव के संपर्क मार्ग पर भी पड़ा है। भारी बारिश के चलते गांव में बनी सीसी रोड का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होकर ढह गया, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क खराब होने से ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है और बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की सड़क पहले से ही परेशानी का कारण बनी हुई थी, लेकिन लगातार बारिश के बाद सड़क का हिस्सा टूट जाने से समस्या गंभीर हो गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क का जल्द निरीक्षण कराकर नई सड़क का निर्माण कराने और आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि बारिश से प्रभावित परिवारों का मौके पर निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन किया जाए और पात्र परिवार को सरकारी आवास सहित आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।