बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का रविवार को जनपद बदायूं में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक श्रवण किया गया। उझानी नगर में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना, जबकि भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ का श्रवण किया। इसके अलावा जनपद के विभिन्न बूथों पर भी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुना। प्रधानमंत्री के इस संस्करण में जनभागीदारी, जनगणना, नशामुक्ति, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, स्थानीय उत्पादों और सामाजिक सरोकारों जैसे विषयों पर संदेश दिए गए।
उझानी में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ के माध्यम से देश और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार संवाद किया जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि प्रधानमंत्री के संदेशों को केवल सुनने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें समाज के बीच जनजागरूकता और जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में नागरिकों की सहभागिता और सही जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने, खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने भी ‘मन की बात’ में नशामुक्ति अभियान, खेल प्रतिभाओं की खोज और ‘वोकल फॉर लोकल’ से जुड़े प्रयासों पर चर्चा की।
बीएल वर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संवाद स्थापित करें और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान जरूरतमंद लोगों की सहायता, स्वच्छता, जनसेवा और सामाजिक सहयोग जैसे कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता की जानी चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि ‘मन की बात’ प्रधानमंत्री और देशवासियों के बीच संवाद का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जनगणना, युवाओं को नशे से दूर रखने, खेल और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करना सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा नशे की गलत आदत की ओर बढ़ रहा है तो उसके साथ संवाद स्थापित कर उसे सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने भी आगामी त्योहारों के दौरान युवाओं से संवाद करने और नशे से दूर रहने के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की है।
राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि ‘मन की बात’ में दिए गए संदेशों को कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए कार्यकर्ता उन्हें सामाजिक सेवा और जनजागरूकता के माध्यम से धरातल तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर जिला महामंत्री जोगेंद्र सिंह पटेल, जिला मंत्री अजय तोमर, जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष सचिन अग्रवाल, मंडल महामंत्री रचित साहू, शक्ति केंद्र संयोजक सूर्य गौरव गुप्ता, सलीम खान, शेखर साहू, मुजाहिर खान बंटी, करन कश्यप, संजीव सागर, आरिफ खान बंटी, एजाज खान सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। जनपद के विभिन्न बूथों पर भी कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया।