बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनपद में ‘आंगन उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान बच्चों के लिए बेबी शो, गोधभराई और अन्नप्राशन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में वजीरगंज स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के योगदान की सराहना की। वहीं ब्लॉक प्रमुख वजीरगंज गुड्डू देवी ने पेपल, बगरैंन और सिसईया स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधुचंद्रा ने हतरा, व्यौली और वरौर के आंगनवाड़ी केंद्रों पर पहुंचकर कार्यकत्रियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित किया। क्षेत्रीय मंत्री महिला मोर्चा रजनी मिश्रा ने गढ़ौली और पुसगवां के आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं पूर्व जिला मंत्री रानी सिंह पुंडीर ने बांस बरोलिया और रिसौली में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
ब्लॉक प्रमुख वजीरगंज गुड्डू देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की मेहनत और जिम्मेदारी के कारण योजनाओं का लाभ व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच रहा है।
पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल ने कहा कि महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां इन प्रयासों को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ‘आंगन उत्सव’ उनके योगदान को सम्मान देने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम है।
क्षेत्रीय मंत्री महिला मोर्चा रजनी मिश्रा ने कहा कि महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। आंगनवाड़ी केंद्र इन प्रयासों को समाज के अंतिम वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधुचंद्रा ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उनके योगदान को सम्मानित करना महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने वाला कदम है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों में उत्साह देखने को मिला।