फीता काटकर प्रो. नीरज किशोर मिश्रा ने किया उद्घाटन, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के मंचन से भक्तिमय हुआ वातावरण
पटियाली, राहुल गुप्ता। तहसील रोड स्थित रामलीला मंच पर भव्य श्रीकृष्ण रासलीला का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रयागराज के उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के पूर्व सदस्य प्रो. नीरज किशोर मिश्रा ने किया। रासलीला के शुभारंभ के साथ ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकुमार दुबे ने की, जबकि संचालन सतेंद्र पाण्डेय ‘नीटू’ ने किया। भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी लीलाओं के मंचन से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। रासलीला के माध्यम से सनातन संस्कृति, आस्था और संस्कारों की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी गौरवशाली परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को धर्म, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में अवधेश पाण्डेय, अंकित द्विवेदी, अमन चौहान, गौरव गुप्ता, आंगन मिश्रा, गोपाल दीक्षित, आकाश तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।