31 अक्टूबर तक पूरी होगी निर्वाचन प्रक्रिया, आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। निर्वाचन की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करें।
जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं के लिए जरूरी सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रबंध समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 29 सितंबर को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जबकि निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।