Tuesday, October 27, 2026

Kasganj: 10 साल से सेवा, फिर भी संविदा का दंश! नियमितीकरण को लेकर एएनएम ने खोला मोर्चा

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 29, 2026

Kasganj: 10 साल से सेवा, फिर भी संविदा का दंश! नियमितीकरण को लेकर एएनएम ने खोला मोर्चा

समान कार्य-समान वेतन, कैशलेस इलाज और गृह जनपद में तबादले समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कार्यरत संविदा एएनएम महिलाओं ने मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर सेवा नियमितीकरण समेत पांच सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर योगदान दे रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिल सका है।


ज्ञापन में संविदा एएनएम ने कहा कि वे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण और जनस्वास्थ्य योजनाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कोरोना महामारी जैसी विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से सेवाएं दीं। इसके बावजूद लंबे सेवाकाल के बाद भी उनका नियमितीकरण नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि उनसे स्थायी कर्मचारियों की तरह ही कार्य लिया जा रहा है, लेकिन वेतन और सुविधाओं के मामले में उन्हें समानता नहीं मिल रही है।


एएनएम कर्मचारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि सभी संविदा एएनएम को तत्काल प्रभाव से नियमित किया जाए और समान कार्य के लिए समान वेतनमान लागू किया जाए। इसके साथ ही संविदा कर्मचारियों और उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने, एएनएम का गृह जनपद में स्थानांतरण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित आयु सीमा पार कर चुकीं एएनएम को नियमितीकरण में आयु सीमा से छूट देने की मांग उठाई।

कर्मचारियों ने कहा कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने के बावजूद स्थायीकरण नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अपनी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

इस दौरान रेखा, किरन, ओमवती, अंशिका, युशर्मा, गुंजा, पूनम, सरिता, विनीता, रजनी, मधु, पूजा, अलीशा, पूजा वर्मा, अनुपम, साधना, सुनीता, कुसुम, रजनी सेंगर, दीप्ति यादव, अर्चना, मंजू, अनूपा, सीमा और सुधांशु सहित सैकड़ों एएनएम मौजूद रहीं।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.