Tuesday, October 27, 2026

पटियाली तहसील में भूख हड़ताल पर बैठे अब्दुल हफीज गांधी, 15 सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू किया अनिश्चितकालीन आंदोलन

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 2, 2026

पटियाली तहसील में भूख हड़ताल पर बैठे अब्दुल हफीज गांधी, 15 सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू किया अनिश्चितकालीन आंदोलन

15 मांगों में शिक्षा से लेकर बाढ़, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य तक के मुद्दे

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

पटियाली विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर पटियाली तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। उन्होंने क्षेत्र के विकास, बाढ़ और कटान से बचाव, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, परिवहन और किसानों से जुड़ी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि पटियाली विधानसभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से विभिन्न मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। किसानों, युवाओं, छात्रों और गंगा पार क्षेत्र के ग्रामीणों को सुविधाओं के अभाव में परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उन्होंने शासन-प्रशासन के समक्ष 15 सूत्रीय मांगें रखी हैं।

उनकी पहली मांग पटियाली विधानसभा क्षेत्र में सरकारी विश्वविद्यालय की स्थापना किए जाने की है। इसके साथ ही बाढ़ और कटान की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए हंसी नगला से राजेपुर कुर्रा तक पक्का बांध बनाए जाने की मांग की गई है। कादरगंज-बदायूं रोड से हिम्मतनगर बझौरा तक पक्का बांध निर्माण तथा शहवाजपुर, किसौल-किलौनी, बरी बगवास, नगला खंडारी और निबिया आदि स्थानों पर भी बाढ़ एवं कटान से बचाव के लिए पक्के बांध बनाए जाने की मांग शामिल है।


किसानों की सुविधा के लिए पटियाली या गंजडुंडवारा में आधुनिक कृषि मंडी स्थापित करने की मांग की गई है। वहीं गंजडुंडवारा शहर को यातायात की समस्या से निजात दिलाने के लिए बाईपास निर्माण और गंजडुंडवारा-गणेशपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाए जाने की मांग भी आंदोलन में प्रमुखता से उठाई गई है।

अब्दुल हफीज गांधी ने गंजडुंडवारा और पटियाली में स्थायी रोडवेज बस अड्डे स्थापित करने तथा पर्याप्त बस सेवाएं शुरू किए जाने की मांग की है। इसके अलावा कादरगंज घाट को पक्का कर उसका सौंदर्यीकरण कराने की मांग भी रखी गई है।

सड़कों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने बहोरा से सनौड़ी खास, पटियाली से सिढ़पुरा, दरियावगंज से भरगैन, राम छितौनी से कादरगंज रोड तथा सबीना कॉम्प्लेक्स गंजडुंडवारा से सुनगढ़ी तक की सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

गंगा पार क्षेत्र के किसानों की समस्या को देखते हुए सहकारी खाद क्रय केंद्र खोले जाने की मांग की गई है। इसके अलावा ओम नगरिया और भरगैन में नए बिजलीघर बनाए जाने तथा गंगा पार क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकारी अस्पताल खोले जाने की मांग भी 15 सूत्रीय मांगपत्र में शामिल है।

इसी क्रम में नगला जयकिशन की टूटी पुलिया का पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई है। गंजडुंडवारा नगर क्षेत्र में एटा रोड, रेलवे रोड, थाना रोड और मोहनपुर रेलवे फाटक तक के मार्गों की मरम्मत कर उन्हें आरसीसी सड़क में तब्दील किए जाने की मांग भी आंदोलन के माध्यम से उठाई गई है।

अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि ये मांगें केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पटियाली विधानसभा क्षेत्र के किसानों, युवाओं, छात्रों और आम जनता से जुड़ी समस्याएं हैं। क्षेत्र के विकास और जनता के अधिकारों के लिए वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


अब्दुल हफीज गांधी की 15 सूत्रीय मांगों में सरकारी विश्वविद्यालय, हंसी नगला-राजेपुर कुर्रा बांध, कादरगंज-बदायूं रोड-हिम्मतनगर बझौरा बांध, बाढ़-कटान प्रभावित क्षेत्रों में पक्के बांध, आधुनिक कृषि मंडी, गंजडुंडवारा बाईपास, गणेशपुर रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी, पटियाली व गंजडुंडवारा में रोडवेज बस अड्डे, कादरगंज घाट का पक्कीकरण एवं सौंदर्यीकरण, विभिन्न प्रमुख सड़कों की मरम्मत, गंगा पार सहकारी खाद केंद्र, ओम नगरिया व भरगैन में बिजलीघर, गंगा पार सरकारी अस्पताल, नगला जयकिशन पुलिया का पुनर्निर्माण तथा गंजडुंडवारा की प्रमुख सड़कों को आरसीसी बनाने की मांग शामिल है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.