Tuesday, October 27, 2026

Kasganj: सेवा संकल्प यात्रा में जेबकतरों का ‘संकल्प’ पूरा, सिकंदराराऊ में दबिश के बाद भी पुलिस का गिरफ्तारी संकल्प अधूरा

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 3, 2026

Kasganj: सेवा संकल्प यात्रा में जेबकतरों का ‘संकल्प’ पूरा, सिकंदराराऊ में दबिश के बाद भी पुलिस का गिरफ्तारी संकल्प अधूरा

सेवा संकल्प यात्रा में फूल बरसते रहे, जेबें कटती रहीं... अब 1.22 लाख की ‘उड़ान’ भरने वाले की तलाश में पुलिस खाक छान रही

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

पटियाली। सेवा संकल्प यात्रा के दौरान मैन चौराहे पर फूल बरस रहे थे, नारे गूंज रहे थे और नेता-कार्यकर्ता स्वागत में मशगूल थे। इसी बीच किसी ने भीड़ का ऐसा ‘सदुपयोग’ किया कि यात्रा खत्म होते-होते कई जेबें हल्की हो गईं। अब वही मामला पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। 1.22 लाख रुपये की कथित नकदी चोरी के मामले में पटियाली पुलिस ने जेबकतरे की तलाश में सिकंदराराऊ तक दबिश दी है।

30 सितंबर को पटियाली में पहुंची सेवा संकल्प यात्रा के दौरान पूर्व विधायक ममतेश शाक्य, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बंटू गुप्ता उर्फ सतेंद्र गुप्ता, पत्रकार राहुल गुप्ता और डॉ. शिवप्रताप की जेब से नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। तहरीर के मुताबिक पूर्व विधायक की जेब से 45 हजार, बंटू गुप्ता से 35 हजार, पत्रकार राहुल गुप्ता से 33 हजार और डॉ. शिवप्रताप से नौ हजार रुपये गायब हुए। यानी स्वागत की भीड़ में जेबकतरों ने कुल 1.22 लाख रुपये का ‘संकल्प’ पूरा कर दिया।

फूलों की बारिश के बीच जेबों पर ‘हाथ की सफाई’

यात्रा के दौरान जहां नेता और कार्यकर्ता फूलों की बारिश और नारों में व्यस्त थे, वहीं कथित जेबकतरे ने शायद भीड़ को अपना ‘कार्यस्थल’ बना लिया। खास बात यह रही कि पत्रकार की कलम-कैमरे से लेकर पूर्व विधायक की राजनीतिक पहचान तक, कथित जेबकतरे ने किसी का लिहाज नहीं किया। जिसने भी मौका दिया, उसकी जेब पर हाथ साफ कर दिया गया।

अब मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने भी ‘संकल्प’ ले लिया है—जेबकतरे को तलाशने का। यात्रा के दौरान बनाए गए वीडियो और फोटो खंगाले गए, जिनमें पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की दिशा में पुलिस आगे बढ़ रही है।

पटियाली से सिकंदराराऊ तक पहुंची ‘जेब की कहानी’

संदिग्ध की तलाश में पुलिस टीम ने सिकंदराराऊ में दबिश दी। यानी जिस जेबकतरे ने पटियाली के मैन चौराहे पर कथित तौर पर 1.22 लाख रुपये की ‘जेब सेवा’ कर डाली, उसकी तलाश अब दूसरे शहर तक पहुंच गई है। दबिश के दौरान संदिग्ध पुलिस के हाथ नहीं लगा, लेकिन टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस सर्विलांस की भी मदद ले रही है और यात्रा के दौरान सामने आए फोटो-वीडियो के जरिए संदिग्ध तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस की दबिश का दायरा बढ़ने के साथ अब देखना यह है कि भीड़ में हाथ की सफाई दिखाने वाला शातिर कब पुलिस की पकड़ में आता है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.