महिला आयोग सदस्य रेनू गौड़ व पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य महेंद्र सिंह राणा ने किया स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गंजडुंडवारा में स्वास्थ्य शिविर एवं दवा व आवश्यक सामग्री मेले का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य महेंद्र सिंह राणा ने किया। इस दौरान जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाइयां एवं उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सीएचसी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
शिविर के दौरान अस्पताल की ओपीडी, जननी सुरक्षा योजना, प्रसव कक्ष और नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनबीएसयू) कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, प्रसव सेवाओं तथा गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों की देखभाल के संबंध में जानकारी ली गई।
सीएचसी अधीक्षक डाक्टर आकाश ने बताया स्वास्थ्य शिविर में कुल 355 मरीजों की ओपीडी हुई। इसके अलावा 19 गर्भवती महिलाओं की एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) की गई। टीकाकरण के तहत 22 बच्चों और 13 गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए गए। शिविर में विभिन्न रोगों की जांच की सुविधा भी उपलब्ध रही। मलेरिया की 45, विडाल की 19 और डेंगू की 13 जांचें की गईं, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके साथ ही 37 लोगों की रैंडम ब्लड शुगर (आरबीएस) जांच की गई।
कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने तथा गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण को लेकर जागरूक किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।