Tuesday, October 27, 2026

Badaun News : बदायूं में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, निकली विशाल पदयात्रा

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 7, 2026

Badaun News : बदायूं में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, निकली विशाल पदयात्रा

जागरण टुडे ,बदायूँ 

बदायूं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को बदायूं के इस्लामिया इंटर कॉलेज ग्राउंड में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ ने भाजपा की संगठनात्मक ताकत और कार्यकर्ताओं के उत्साह का जोरदार प्रदर्शन किया। जिलेभर से जुटे हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। सभा के बाद भाजपा ध्वज और प्ले कार्ड के साथ निकली विशाल पदयात्रा ने शहर की सड़कों पर जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश बुलंद किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, जिला प्रभारी राकेश मिश्रा अनावा और जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के वर्चुअल संबोधन को उत्साह के साथ सुना।

25 वर्षों की सेवा यात्रा को बताया प्रेरणादायी

केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे होना देश की सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की लंबी यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई राजनीतिक यात्रा वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद तक पहुंची और 2024 में देश की जनता ने लगातार तीसरी बार नेतृत्व का अवसर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनसेवा को राजनीति का माध्यम नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा का दायित्व माना। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवाओं के अवसर, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, पेयजल और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में सरकार ने व्यापक कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

अंतिम पंक्ति तक विकास पहुंचाना लक्ष्य : डॉ. अरुण कुमार सक्सेना

प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल आर्थिक मजबूती तक सीमित नहीं है। मजबूत गांव, समृद्ध किसान, आत्मनिर्भर महिलाएं, युवाओं के लिए रोजगार और अवसर तथा गरीब परिवारों के जीवन में स्थायी सुधार ही वास्तविक विकास की पहचान है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार और जनता के बीच मजबूत कड़ी बताते हुए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

विकसित भारत का संकल्प घर-घर पहुंचाने का आह्वान

जिला प्रभारी राकेश मिश्रा अनावा ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। बूथ से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच सेवा और संपर्क का काम कर रहे हैं। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि बदायूं में आयोजित विशाल सभा ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की मजबूती का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौधरोपण, महिला सम्मान और आंगनबाड़ी केंद्रों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेवा गतिविधियां संचालित की गई हैं। अब विकसित भारत के संकल्प को प्रत्येक बूथ, गांव और परिवार तक पहुंचाया जाएगा।

सड़कों पर दिखा भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश

सभा के बाद हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में भाजपा के झंडे और विकसित भारत के संदेश वाले प्ले कार्ड लेकर विशाल पदयात्रा निकाली। महाराणा प्रताप चौक से शुरू हुई पदयात्रा पुरुषराम चौक, बदायूं क्लब, भामाशाह चौक और कचहरी होते हुए इस्लामिया इंटर कॉलेज ग्राउंड पहुंची।

भाजपा ध्वजों और संदेशों से सजी पदयात्रा में कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बना। कार्यकर्ताओं ने जनसेवा, सुशासन, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने पदयात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में रंगकर्मियों ने विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर नाटक का मंचन कर लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।

इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य, पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज, पूर्व प्रदेश मंत्री डीपी भारती, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.