जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। रोडवेज बस स्टैंड के बाहर सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां भरने और यातायात बाधित करने वाले चालकों के खिलाफ शुक्रवार को परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। प्रभारी एआरएम नीरज कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान सड़क पर यातायात बाधित करने वाली एक बस को जब्त कर पुलिस लाइन में खड़ा कराया गया, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 बस चालकों के चालान किए गए। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले डीएम प्रणय सिंह ने खुद रोडवेज बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर सड़क पर सवारियां भरती तीन बसों को पकड़ा था और इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर शुक्रवार को अभियान चलाया गया।
रोडवेज बस स्टैंड के बाहर सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां भरने से जाम की स्थिति बनती है। इससे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है।
इसी अव्यवस्था को देखने के लिए बीते दिनों डीएम प्रणय सिंह ने रोडवेज बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सड़क पर खड़ी तीन बसों में सवारियां भरी जा रही थीं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां भरने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
डीएम के निर्देश के बाद प्रभारी एआरएम ने सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां भरने पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए थे। इसके साथ ही आसपास के जिलों के रोडवेज डिपो को पत्र भेजकर नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया था।
इसके बावजूद बस स्टैंड के बाहर सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां भरने का सिलसिला जारी रहा। शुक्रवार को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर एक बस जब्त कर पुलिस लाइन में खड़ी कराई और 11 बस चालकों के चालान किए। कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों में खलबली मच गई।