जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में शुक्रवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने किसानों पर कहर बरपा दिया। तेज बारिश और ओलावृष्टि के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में पिता-पुत्र झुलसकर घायल हो गए। दोनों घटनाएं धान के खेतों में काम करने के दौरान हुईं। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पिता-पुत्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली कासगंज क्षेत्र के किशोरपुर गांव निवासी सत्यवीर (57) पुत्र नारायण सिंह शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपने धान के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच आकाशीय बिजली सत्यवीर पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन खेत पर पहुंच गए। किसान की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
वहीं, दूसरी घटना थाना सोरों की चंडोस चौकी क्षेत्र के चंडोस गांव में हुई। यहां शुक्रवार दोपहर धान के खेत में काम कर रहे बीरपाल (45) पुत्र नेमसिंह और उनके करीब 16 वर्षीय बेटे अमन पर आकाशीय बिजली गिर गई। अचानक हुए इस हादसे में दोनों पिता-पुत्र घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल जिला अस्पताल कासगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
एक ही दिन में आकाशीय बिजली गिरने से हुई इन दो घटनाओं ने किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में काम के दौरान अचानक मौसम बदलने से जान पर बन आने की इस घटना ने एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया, जबकि दूसरे परिवार में पिता-पुत्र के घायल होने से चिंता का माहौल है।