विधि-विधान से हुआ गणेश पूजन, बैंड-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में गोपियों के नृत्य और शिव-पार्वती स्वरूप रहे आकर्षण का केंद्र
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सिढपुरा। नगर में शनिवार को विधि-विधान से गणेश पूजन और भव्य शोभायात्रा के साथ रामलीला महोत्सव का शुभारंभ हुआ। आचार्य रमन गौड़ ने हवन-पूजन कर गणेश पूजन संपन्न कराया। इसके बाद आरती की गई, जिसमें डिम्पल गुप्ता, मनोज गुप्ता बड़े, चिराग गुप्ता, ग्रीस पांडेय सहित अन्य लोग शामिल रहे।
गणेश पूजन के बाद रामलीला मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में आधा दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। गोपियों के नृत्य और शिव-पार्वती के स्वरूप ने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा अमांपुर मार्ग से शुरू होकर गंजडुंडवारा मार्ग, पटियाली मार्ग, धुमरी मार्ग और सराय पट्टी होते हुए एटा मार्ग से अमांपुर मार्ग स्थित रामलीला स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
रामलीला महोत्सव के तहत अमांपुर मार्ग स्थित रामलीला स्टेज पर अनुभवी कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। शोभायात्रा के बाद रामलीला मैदान में झंडा लगाया जाएगा। आयोजन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए उपनिरीक्षक कुंवरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे।