Tuesday, October 27, 2026

कासगंज मे नवरात्रि पर सुरक्षा का पहरा, ADG ने परखी व्यवस्था

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 11, 2026

कासगंज मे नवरात्रि पर सुरक्षा का पहरा, ADG ने परखी व्यवस्था

भीड़भाड़ और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस की पैदल गश्त, ड्रोन कैमरे से की गई निगरानी; मां चामुंडा मंदिर पहुंचकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी जांची

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। नवरात्रि पर्व के शुभारंभ के साथ ही जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को आगरा जोन के एडीजी एस के भगत ने पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। साथ ही ड्रोन कैमरे के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और आसपास के इलाकों की निगरानी की गई।


एडीजी एस के भगत के साथ पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार तथा क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान ने कोतवाली कासगंज क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का जायजा लेते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में की गई गश्त के दौरान संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।


इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मां चामुंडा मंदिर परिसर पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। मंदिर में तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चेक की गई और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन तथा यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि पर्व के दौरान भीड़ के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।


पुलिस अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि के दौरान मंदिरों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बनाए रखें। ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी से कार्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। ड्रोन कैमरे से निगरानी के जरिए भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखी गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।

पुलिस प्रशासन की ओर से नवरात्रि पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.