दो साल से अधिक समय पहले दर्ज मुकदमे के बावजूद बेटी का सुराग न मिलने का आरोप, 9 सितंबर को भी टॉवर पर चढ़कर जताया था विरोध; सोमवार को फिर हाईवोल्टेज ड्रामा, शाम पांच बजे तक जुटी रही पुलिस
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। बेटी की बरामदगी की आस में भटक रही एक मां का गुस्सा सोमवार को फिर फूट पड़ा। पुलिस से गुहार लगाने के बावजूद बेटी का पता नहीं चलने से नाराज मुन्नी देवी मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। दोपहर करीब 2:15 बजे गांव नगला मांमों में हुई इस घटना से इलाके में खलबली मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस, महिला थाना पुलिस और दमकल कर्मी पहुंच गए। महिला को नीचे उतारने के लिए घंटों तक समझाने-बुझाने का प्रयास चलता रहा, लेकिन वह टॉवर से उतरने को तैयार नहीं हुई। शाम पांच बजे तक पुलिस और दमकल कर्मी उसे सुरक्षित नीचे उतारने में जुटे हुए थे।
दो साल से अधिक समय पहले दर्ज हुआ मुकदमा, अब तक बेटी का इंतजार
सोरोंजी क्षेत्र के गांव जरैथा निवासी मुन्नी देवी पत्नी ऋषिपाल का आरोप है कि गांव नगला सेडू निवासी अतुल मौर्य उसकी बेटी को कहीं लेकर चला गया। महिला के मुताबिक, बेटी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसने पुलिस से कई बार गुहार लगाई, लेकिन उसकी बेटी का पता नहीं चल सका। महिला का कहना है कि इस मामले में सात अप्रैल 2024 को मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद बेटी की बरामदगी नहीं होने से वह परेशान है। लंबे समय से न्याय की आस लगाए बैठी मां ने सोमवार को एक बार फिर अपना विरोध जताने के लिए मोबाइल टॉवर का सहारा लिया।
9 सितंबर को भी टॉवर पर चढ़ी थी महिला, फिर दोहराया वही कदम
मुन्नी देवी का टॉवर पर चढ़ना पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी वह बेटी की बरामदगी की मांग को लेकर नौ सितंबर को टॉवर पर चढ़ गई थी। उस समय पुलिस प्रशासन ने काफी समझाने-बुझाने के बाद उसे किसी तरह नीचे उतारा था। उम्मीद थी कि मामले में आगे कार्रवाई होने से महिला को राहत मिलेगी, लेकिन सोमवार को वह फिर टॉवर पर चढ़ गई। दूसरी बार इस तरह विरोध जताने से पुलिस के सामने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के साथ उसकी शिकायत को लेकर उठ रहे सवालों का सामना करने की चुनौती भी खड़ी हो गई।
भीड़ जुटी, पुलिस-दमकल की मशक्कत जारी
सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे मुन्नी देवी सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मांमों में प्रेम सिंह के घर पर बने मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस के साथ महिला थाना पुलिस और दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने महिला को नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक प्रयास किए जाने के बाद भी महिला नीचे नहीं उतरी। शाम पांच बजे तक उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिशें जारी थीं।
बेटी की बरामदगी की मांग को लेकर एक मां का बार-बार टॉवर पर चढ़ना मामले की गंभीरता को सामने ला रहा है। अब देखना होगा कि महिला की शिकायत पर आगे क्या कार्रवाई होती है और उसकी बेटी की बरामदगी कब तक हो पाती है।