सेक्टर ऑफिसर्स को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वल्नरेबिलिटी मैपिंग की रिपोर्ट समय से देने के निर्देश
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को विकास भवन स्थित विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर ऑफिसर्स मैपिंग और वल्नरेबिलिटी मैपिंग को लेकर बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर समय से रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार चुनाव संबंधी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। सेक्टर ऑफिसर्स अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करें। साथ ही आवश्यक सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में संकलित कर संबंधित उपजिलाधिकारियों को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि वल्नरेबिलिटी मैपिंग निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके तहत ऐसे गांवों, उपग्रामों, क्षेत्रों और मतदाता समूहों की पहचान की जानी है, जहां मतदाताओं को स्वतंत्र रूप से मतदान करने में बाधा उत्पन्न होने की आशंका हो। मतदाताओं को डराने-धमकाने या मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की आशंका वाले व्यक्तियों और तत्वों को भी चिह्नित किया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रारूप वीएम-1 से वीएम-5 तक में आवश्यक सूचनाएं संकलित की जाएंगी। इसमें मतदेय स्थलवार संवेदनशील स्थानों, वल्नरेबिलिटी पॉकेट, मतदाता विवरण और संभावित कारणों से संबंधित जानकारी शामिल होगी। संबंधित अधिकारी स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सूचनाएं उपलब्ध कराएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि पिछले चुनावों के मतदान प्रतिशत, महिला-पुरुष अनुपात, मतदान के रुझान और निर्वाचन संबंधी शिकायतों का भी अध्ययन किया जाए। जिन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत कम रहा है या मतदाताओं को मतदान करने से रोकने की आशंका है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए। मैपिंग का कार्य गंभीरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए, जिससे प्रत्येक मतदाता को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करते हुए चुनाव की तैयारियां समय से पूरी करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, उपजिलाधिकारी कासगंज सहित सभी संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, सेक्टर ऑफिसर्स और निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।