दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई स्थानों से बरामद हुए मोबाइल, फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। जनपद में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में कासगंज पुलिस की साइबर सेल को सफलता मिली है। साइबर सेल और थानों पर तैनात साइबर हेल्प डेस्क कर्मियों की टीम ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल और आईएमईआई (IMEI) ट्रैकिंग की मदद से 120 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। शुक्रवार को सत्यापन के बाद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध एवं पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। साइबर सेल की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों के साथ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश से मोबाइल फोन बरामद किए।
शुक्रवार, 16 अक्टूबर को बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय से गुम मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने कासगंज पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया।
यह कार्रवाई शारदीय नवरात्रि के अवसर पर जनपद में चलाए जा रहे मिशन शक्ति 6.0 अभियान के क्रम में की गई। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन की बरामदगी में सीईआईआर पोर्टल और आईएमईआई ट्रैकिंग तकनीक की अहम भूमिका रही।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
मोबाइल फोन बरामद करने वाली टीम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सोनू सिंह, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल विवेक कुमार, विजन कुमार, अनुज कुमार, सुखवीर सिंह और स्वप्निल सिवाच शामिल रहे।