Tuesday, October 27, 2026

गंजडुंडवारा पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता सत्र आयोजित, हेल्पलाइन नंबरों और करियर निर्माण की दी जानकारी

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 16, 2026

गंजडुंडवारा पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता सत्र आयोजित, हेल्पलाइन नंबरों और करियर निर्माण की दी जानकारी

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

गंजडुंडवारा। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत शुक्रवार को गंजडुंडवारा कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं मिशन शक्ति प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को महिला अधिकारों, कानूनी प्रावधानों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराध, सोशल मीडिया पर होने वाले उत्पीड़न से बचाव और करियर मार्गदर्शन के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर शेखर शर्मा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने नारी सशक्तिकरण की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छात्राओं को विधिक और डिजिटल रूप से जागरूक होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। शिक्षा, आत्मविश्वास और अधिकारों की जानकारी महिलाओं को सशक्त बनाने के महत्वपूर्ण आधार हैं।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ऋषभ मिश्रा ने छात्राओं को आत्मनिर्भरता, उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया। मिशन शक्ति प्रतिनिधि डॉ. रितु गुप्ता ने घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण संबंधी कानूनों की जानकारी देते हुए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181 और आपातकालीन सेवा 112 के उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को किसी भी तरह के उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. नवीन कुमार मिश्रा ने संवैधानिक अधिकारों और कानूनी प्रावधानों पर जानकारी दी। श्री चक्रपाणि मिश्रा ने आत्मविश्वास एवं नैतिक मूल्यों के महत्व को समझाया। डॉ. अनुराग तिवारी ने साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर होने वाले उत्पीड़न से बचाव के कानूनी उपायों के बारे में बताया। उन्होंने डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने पर जोर दिया। वहीं, श्री राकेश कुमार सिंह और श्री अजय शंकर ने छात्राओं को व्यक्तित्व विकास तथा बेहतर भविष्य के लिए सुनियोजित करियर योजना बनाने के उपयोगी सुझाव दिए।

कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ऋषभ मिश्रा एवं मिशन शक्ति प्रतिनिधि डॉ. रितु गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.