Tuesday, October 27, 2026

Kasganj: गुटखे के 100 रुपये को लेकर दुकानदार से विवाद! रात में 22 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने मारपीट का लगाया आरोप, जांच में जुटी पुलिस

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 18, 2026

Kasganj: गुटखे के 100 रुपये को लेकर दुकानदार से विवाद! रात में 22 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने मारपीट का लगाया आरोप, जांच में जुटी पुलिस

 गल्ला मंडी के सामने खोखे पर हुआ था विवाद, पुलिस ने मौके पर बुलाया फील्ड यूनिट; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। गुटखे के 100 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गल्ला मंडी के सामने एक परचून की दुकान पर दुकानदार और उसके बेटों ने युवक के साथ मारपीट की थी। घर लौटने के बाद रात करीब एक बजे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। रविवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची। युवक के शरीर पर प्रथम दृष्टया कोई स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


पुलिस के अनुसार, मृतक उमेश पुत्र गुलाब सिंह, निवासी ग्राम पवसरा, थाना व जिला कासगंज, गल्ला मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। परिजनों ने आरोप लगाया कि शनिवार 17 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे काम से लौटते समय उसने मंडी के पास स्थित रामखिलाड़ी की परचून की दुकान से गुटखा खरीदा और 100 रुपये दिए। शेष रकम वापस करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान दुकानदार रामखिलाड़ी और उसके तीन बेटों ने उमेश के साथ मारपीट की। इसके बाद उमेश अपने घर चला गया।

परिजनों के मुताबिक, रात करीब एक बजे उमेश की अचानक हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह करीब छह बजे गांव के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कासगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।

शराब सेवन और मिर्गी के दौरे की बात भी आई सामने

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि उमेश प्रतिदिन शराब का सेवन करता था। उसके मुंह से शराब जैसी गंध आने की बात भी सामने आई है। ग्राम प्रधान के अनुसार, उमेश को मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे। पुलिस ने शव का निरीक्षण किया तो प्रथम दृष्टया शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट या प्राणघातक चोट के निशान दिखाई नहीं दिए। हालांकि, इन परिस्थितियों के आधार पर मौत का कारण तय नहीं किया जा सकता।

फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र के अनुसार, अभी तक मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों की तहरीर मिलने पर उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत मारपीट के बाद हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों से चलेगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.