लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर किया हमला, फायरिंग की सूचना से मचा हड़कंप; मारपीट का वीडियो वायरल, मौके पर पहुंचे एसपी
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली। मामूली कहासुनी ने रविवार दोपहर पटियाली क्षेत्र के गांव ढकपुरा में हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दो महिलाओं समेत 11 लोग घायल हो गए। घटना के दौरान कई राउंड फायरिंग होने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि, किसी के गोली लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, गांव ढकपुरा में रविवार दोपहर किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे चलने से दोनों पक्षों के 11 लोग घायल हो गए। इनमें एक पक्ष के सात और दूसरे पक्ष के चार लोग शामिल हैं। घायलों में दो महिलाएं भी हैं।
पहले पक्ष से रमेश सिंह यादव, शैलेंद्र कुमार, नीरेश, आदेश, प्रियांशु, रेखा और संतोष कुमारी निवासी ढकपुरा घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से अखण्ड प्रताप, प्रेमप्रताप, अमन प्रताप और हीर प्रताप निवासी नगला धाता, थाना राजा का रामपुर, घायल हुए हैं। सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
वायरल वीडियो में दिखे लाठी-डंडे चलाते लोग
घटना के दौरान मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडे चलाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, घटनास्थल पर कुछ लोग हाथ मे तमंचा हाथ मे लिए दिखाई दे रहे है। वही घटना के दौरान फायरिंग होने की सूचना भी सामने आई है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है, ताकि मारपीट में शामिल लोगों और घटना के वास्तविक घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
मौके पर पहुंचे एसपी, फायरिंग की सूचना की जांच
संघर्ष की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। उन्होने बताया विवाद की वजह, वायरल वीडियो और फायरिंग की सूचना समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस दौरान उन्होने किसी के गोली लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की। वही उनका कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।