रामलील मंच से सविता समाज पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, धर्मशाला में कलाकारों से भिड़ंत के बाद मारपीट; समाज में आक्रोश, पुलिस से कार्रवाई की मांग
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। रामलीला के मंच से कथित अभद्र टिप्पणी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। अमांपुर कस्बे में टिप्पणी के मामले में बात करने पहुंचे युवक की रामलीला के कलाकारों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कलाकारों ने युवक के साथ मारपीट की और उसके सिर पर फरसे से वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सविता समाज में आक्रोश है। समाज के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामला अमांपुर कस्बे के कॉलेज रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला का है। सुभाष नगर निवासी जितेंद्र श्रीवास्तव पुत्र राधेश्याम सविता मंगलवार को रामलीला के कलाकारों से बातचीत करने पहुंचे थे। बताया गया कि 17 अक्टूबर को रामलीला मंचन के दौरान सविता समाज को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। इसको लेकर समाज के लोगों में नाराजगी थी। इसी मामले में बातचीत के दौरान जितेंद्र और कलाकारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि कहासुनी ने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया और कलाकारों ने जितेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनके सिर पर फरसे से वार कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद समाज के लोगों में रोष फैल गया।
टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद, अब कार्रवाई की मांग
सविता समाज के लोगों का कहना है कि समाज के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। विरोध जताने पहुंचे युवक पर हमले की घटना ने नाराजगी और बढ़ा दी है। समाज के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर टिप्पणी करने और मारपीट में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।