शुरुआती आंकड़ों में 6.11 फीसदी मतदान, 11,216 मतदाताओं को करना है मताधिकार का प्रयोग
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में जिले के मतदेय स्थलों पर शुक्रवार सुबह मतदान शुरू हो गया। शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार कुछ धीमी नजर आई। उपलब्ध बूथवार आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 686 मतदाता वोट डाल चुके हैं। इनमें 581 पुरुष और 105 महिलाएं शामिल हैं। कुल 11,216 पंजीकृत मतदाताओं के सापेक्ष मतदान का प्रतिशत करीब 6.11 रहा। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दिन चढ़ने के साथ मतदान की रफ्तार कितनी बढ़ती है।
जिले में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 11,216 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन के 9,925 और शिक्षक निर्वाचन के 1,291 मतदाता शामिल हैं। इन मतदाताओं के लिए जिलेभर में 20 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है।
कई केंद्रों पर हो रहा मतदान
बूथवार सूची में नगर पालिका परिषद कासगंज, सोरों और गंजडुंडवारा के मतदान केंद्रों के अलावा विकास खंड कार्यालय पटियाली, सहावर, अमांपुर और सिढ़पुरा सहित अन्य केंद्र शामिल हैं। यहां शिक्षक और स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। शुरुआती आंकड़ों में पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से अधिक दर्ज की गई है।
सुरक्षा के बीच मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। निर्वाचन की मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।