Tuesday, October 27, 2026

डिप्टी सीएम के निर्देश पर पटियाली बीडीओ निलंबित, कमीशन वाले वीडियो से मचा था हड़कंप

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 23, 2026

डिप्टी सीएम के निर्देश पर पटियाली बीडीओ निलंबित, कमीशन वाले वीडियो से मचा था हड़कंप

सोशल मीडिया पर वायरल 53 सेकंड के वीडियो का डिप्टी सीएम ने लिया संज्ञान, 10 प्रतिशत कमीशन में अधिकारियों को हिस्सा देने की कथित बातचीत से मचा था हड़कंप

जागरण टुडे, कासगंज

कासगंज। विकास कार्यों में कथित कमीशन के बंटवारे का गणित बताने वाले पटियाली विकास खंड के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संजीव कुमार को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रथमदृष्टया गंभीर अनियमितता के संकेत मिलने पर यह कदम उठाया गया।

21 अक्टूबर को इंटरनेट मीडिया पर बीडीओ संजीव कुमार का 53 सेकंड का एक वीडियो प्रसारित हुआ था। वीडियो में वह कथित तौर पर विकास कार्यों में मिलने वाले 10 प्रतिशत कमीशन में से चार प्रतिशत अधिकारियों को देने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) से लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) तक हिस्से के बंटवारे का जिक्र होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में 'सिस्टम बना हुआ है' और 'पूरा एक दे जाना, एक से कम नहीं लूंगा' जैसे शब्द भी सुनाई दे रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद विकास विभाग में हलचल मच गई थी और विकास कार्यों में कमीशनखोरी को लेकर सवाल उठने लगे थे। शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद बीडीओ संजीव कुमार को निलंबित कर दिया गया। मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों से होनी बाकी है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.