पटियाली से गंजडुंडवारा तक भाजपा-सपा कार्यकर्ता आए आमने-सामने, 25 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक ' एमएलसी चुनाव का मतदान शुक्रवार को जिले में नोकझोंक और धक्का-मुक्की के बीच संपन्न हो गया। पटियाली से गंजडुंडवारा तक भाजपा और सपा कार्यकर्ता आमने-सामने आए। वहीं, मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर 25 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद कर दी। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 65.92 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 61.25 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के बाद अब प्रत्याशियों की जीत-हार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, मतदाताओं की चुप्पी के चलते किसी भी प्रत्याशी की स्थिति का स्पष्ट आकलन करना मुश्किल है। चुनाव परिणाम 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद सामने आएंगे।
जिले में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 1,291 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 851 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह शिक्षक चुनाव में कुल 65.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत 9,925 मतदाताओं में से 6,079 ने वोट डाले। स्नातक चुनाव में मतदान का प्रतिशत 61.25 रहा। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 11,216 मतदाताओं में से 6,930 ने मतदान किया।
मतदान के दौरान पटियाली में सपा विधायक नादिरा सुल्तान के मतदान केंद्र पर पहुंचने को लेकर भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक पर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने और फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की। वहीं, सपा विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से पटियाली में चुनावी माहौल गरमा गया।
गंजडुंडवारा में मतदान के अंतिम दौर में नगर पालिका स्थित मतदान केंद्र पर भाजपा मंडल अध्यक्ष और सपा कार्यकर्ता शाहरुख राज के बीच बूथ के अंदर जाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और तीखी कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। शिकायत मिलने पर कोतवाली प्रभारी ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इस घटना के चलते मतदान केंद्र पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह और सपा से शशांक यादव चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों में अम्बरीश पाल सिंह, डॉ. राहुलराज कुलश्रेष्ठ, मानवेंद्र प्रताप सिंह, अनुराग सिंह, रघुराज सिंह, रूप सिंह, राहुल गुप्ता, रुमा कुमारी और अम्बरीश कुमार शामिल हैं। आजाद समाज पार्टी से दक्ष कुमार तथा स्वदेश हिंद पार्टी से मतेंद्र गहलोत भी चुनाव मैदान में हैं।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के हरिकिशोर तिवारी और सपा के आकाश अग्रवाल प्रमुख प्रत्याशी हैं। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों में राहुल पाराशर, जगवीर सिंह, आकाश अग्रवाल (केंद्रीय हिंदी संस्थान), धीरज सिंह, ब्रह्मजीत सिंह, चंद्र प्रकाश, रण विजय यादव, दिलीप कुमार, मोहम्मद वसीम और रामू प्रसाद शामिल हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 12 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
मतदान संपन्न होने के बाद दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें मतगणना पर टिक गई हैं। भाजपा और सपा के बीच मुकाबले के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने चुनाव को बहुकोणीय बना दिया है। समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत के दावे कर रहे हैं, लेकिन मतदाताओं की खामोशी के बीच वास्तविक जनादेश का पता 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद ही चलेगा।