Tuesday, March 31, 2026

श्रीकृष्ण जन्मस्थल की सुरक्षा में तैनात सिपाही ने सरकारी रायफल से गोली मारकर की आत्महत्या

लेखक: Jagran Today | Category: राष्ट्रीय | Published: July 23, 2024

श्रीकृष्ण जन्मस्थल की सुरक्षा में तैनात सिपाही ने सरकारी रायफल से गोली मारकर की आत्महत्या
जागरण टुडे संवाददाता, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह मस्जिद की सुरक्षा में तैनात नोएडा के रहने वाले पीएसी के जवान ने सोमवार रात डेढ़ बजे अपनी बैरक में सरकारी रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे साथी उन्हें लहूलुहान अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के पीछे पत्नी से चल रहा विवाद बताया जा रहा है, जिसकी वजह से वह अवसाद में थे।
ड्यूटी पर जाने से पहले बैरक में गए और मार ली गोली
आत्महत्या करने वाले सिपाही सुधीर मलिक नोएडा के गांव भट्टा पारसौल के रहने वाले थे। वह आगरा में पीएसी की 15वीं बटालियन में तैनात थे। घटना तब हुई जब रात दो बजे से मंगलवार सुबह दस बजे तक ड्यूटी के लिए पीएसी जवानों का एक दल कैंप से रवाना हो रहा था। इसी दल में सुधीर भी शामिल थे। इस दौरान सुधीर बैरक में कुछ सामान छूट जाने की बात कहकर चले गए। सुधीर के बैरक में पहुंचने के कुछ देर बाद ही गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे तो बेड पर सुधीर लहूलुहान हालत में पड़े थे। इसके बाद दल के नायक अमर सिंह, पीएसी जवान रॉबिन, अरविंद सिंह, दीपू चौधरी, रामवीर सुधीर को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉ. एचएन प्रभाकर ने सुधीर को मृत घोषित कर दिया।
तीन साल से पत्नी से चल रहा था विवाद
सुधीर के शादी तीन साल पहले ही हुई थी। परिजन ने बताया कि सुधीर का पत्नी से विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से वह काफी परेशान रहने लगे थे। इसी से परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजन के सुपुर्द कर दिया है। एसपी सिटी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बताया जा रहा है कि तीन वर्ष पूर्व सुधीर मलिक की शादी हुई थी। पत्नी से उनका विवाद चल रहा था। इसी से परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.