उड़ान एक उम्मीद वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से ग्रीन वैली कॉन्वेंट स्कूल में सर्वाइकल कैंसर से बचाव और एचपीवी टीकाकरण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय और एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
संस्था की अध्यक्ष नीलम गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने से सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की ओर से एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क भी उपलब्ध कराई जा रही है।
नीलम गुप्ता ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से संस्था की ओर से शहर के अलग-अलग विद्यालयों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के साथ ही उनके परिवारों तक भी इसकी जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से पहले भी कई टीकाकरण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक हों और अपने परिवार तथा आसपास की अन्य बालिकाओं को भी इसके महत्व की जानकारी दें।
कार्यक्रम में संस्था की सह-अध्यक्ष रश्मि गुप्ता, विद्यालय की प्रधानाचार्य शशि गुप्ता और डॉ. शविना उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सर्वाइकल कैंसर और एचपीवी टीकाकरण से संबंधित जानकारी प्राप्त की।