रामपुर दूसरे और बरेली तीसरे स्थान पर, योजनाओं के क्रियान्वयन और शिकायत निस्तारण का असर
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में शाहजहांपुर ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर प्रशासनिक कार्यशैली और विकासपरक प्रयासों का परचम लहराया है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में जिले को 10 में 9.53 अंक मिले हैं। रैंकिंग में रामपुर 9.48 अंक के साथ दूसरे और बरेली 9.43 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिले का प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करना प्रशासन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह केवल रैंकिंग नहीं बल्कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और शासन की प्राथमिकताओं को धरातल तक पहुंचाने के प्रयासों का परिणाम है।
योजनाओं को कागज से धरातल तक पहुंचाने पर जोर
प्रशासन की ओर से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही विकास कार्यों की प्रगति और जनसमस्याओं के समाधान पर लगातार निगरानी की जा रही है। योजनाएं कागजों तक सीमित न रहें और शिकायतों का निस्तारण केवल फाइलों में दर्ज होकर न रह जाए, इसके लिए अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए जाते रहे हैं।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में इसका असर दिखाई देने के बाद प्रशासनिक अमले का उत्साह भी बढ़ा है। प्रथम स्थान मिलने से अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने अब इस प्रदर्शन को बनाए रखने की चुनौती भी है।
जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण पर भी नजर
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रशासन की प्राथमिकताओं में शासन की योजनाओं को गति देने के साथ जनसुनवाई और शिकायतों का प्रभावी निस्तारण भी शामिल रहा है। प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर कमियों को दूर करने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन विभिन्न विकासपरक और प्रशासनिक मानकों के आधार पर किया जाता है। ऐसे में 9.53 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त करना जिले के प्रशासनिक अमले के लिए उपलब्धि के साथ आगे की जिम्मेदारी भी है।
पहली पायदान बनाए रखना होगी चुनौती
शाहजहांपुर के प्रदेश में नंबर वन बनने के बाद अब सबसे बड़ी चुनौती इस प्रदर्शन को लगातार बनाए रखने की होगी। उपलब्धि की वास्तविक परीक्षा यह होगी कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक लगातार पहुंचता रहे, विकास कार्यों की गति बनी रहे और जनशिकायतों का समयबद्ध समाधान होता रहे।
प्रथम स्थान ने प्रशासन के कामकाज के लिए एक नया मानक जरूर तय कर दिया है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि आने वाली रैंकिंग में भी शाहजहांपुर शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ कायम रख पाता है या नहीं।