नेपाल की राजधानी काठमांडू में त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान भरते समय निजी एयरलाइन का विमान क्रैश हो गया। हादसे में 18 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि पायलट को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमान में लगी आग को बुझा लिया गया है। अभी हवाई अड्डे पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
हादसा बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। निजी कंपनी का विमान त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पोखरा जा रहा था। रनवे पर उड़ने भरते वक्त विमान फिसल गया और दुर्घटना का शिकार हो गया। विमान में चालक दल समेत 19 लोग सवार थे। इनमें से 18 लोगों की मौत की खबर है। बचाव दल ने पांच लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। अभी बचाव अभियान जारी है। हादसे में घायल हुए पायलट को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उड़ान भरते समय विमान रनवे से बाहर निकल गया और दुर्घटना का शिकार हो गया। विमान में आग लगने से धुएं का घना गुबार देखा गया। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल बचाव कार्य जारी किया, जो फिलहाल जारी है। हादसे के बाद एहतियातन हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया है।