Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ: क्या ऐसे होगा भोले के भक्तों का स्वागत....हर-हर महादेव के जयघोष के बीच गड्ढों से जूझेंगे शिवभक्त, कांवड़ियों के पैर जख्मी करेंगे सड़क के गड्ढे

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 28, 2026

KASGANJ: क्या ऐसे होगा भोले के भक्तों का स्वागत....हर-हर महादेव के जयघोष के बीच गड्ढों से जूझेंगे शिवभक्त, कांवड़ियों के पैर जख्मी करेंगे सड़क के गड्ढे

कादरगंज गंगा घाट से गंगाजल लेकर गुजरते हैं हजारों शिवभक्त, गड्ढा मुक्ति पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद एटा रोड की बदहाली बरकरार

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

गंजडुंडवारा। सावन का पवित्र महीना शुरू होते ही चारों ओर "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठता है। वही इस दौरान पटियाली के कादरगंज गंगा घाट से हजारों शिवभक्त गंगाजल लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए पदयात्रा पर निकलते हैं। लेकिन जैसे ही उनकी यात्रा गंजडुंडवारा कस्बे की एटा रोड पर पहुंचेगी, आस्था का यह सफर बदहाल सड़क की वजह से पीड़ादायक बन जाएगा।क्यो कि जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, उखड़ी हुई डामर और टूटी सड़क श्रद्धालुओं के लिए हर कदम पर मुश्किलें खड़ी करेगी।


जबकि विगत दिनों ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कांवड़ यात्रा मार्गों की सड़कें यात्रा शुरू होने से पहले पूरी तरह गड्ढामुक्त और सुगम बनाई जाएं। जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बाबजूद भी गड्डा युक्त मार्गों को लेकर नगर पालिका गंजडुंडवारा के निर्माण पटल प्रमुख व जनप्रतिनिधि ने न इन्हे समय रहते भरने की योजना बनाई और न ही इस अव्यवस्था से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।

आपको बता दे कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। इनमें अनेक श्रद्धालु नंगे पैर कांवड़ लेकर चलते हैं। ऐसे में सड़क की जर्जर हालत उनके लिए हर कदम पर ठोकर और चोट का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा और किसी अप्रिय घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा द्वारा विशेष आयोजनों से पहले गड्ढा मुक्ति अभियान के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष हाजी मुनव्वर हुसैन के कार्यकाल में भी एटा रोड पर गड्ढा मुक्ति के नाम पर दो बार मरम्मत कार्य कराया जा चुका है। इसके बावजूद आज सड़क फिर उसी बदहाल स्थिति में दिखाई दे रही है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि यदि लाखों रुपये खर्च किए गए तो सड़क की हालत दोबारा इतनी खराब कैसे हो गई और उन कार्यों का स्थायी लाभ जनता को क्यों नहीं मिल सका।

नगरवासियों का कहना है कि यदि गुणवत्तापूर्ण और स्थायी मरम्मत कराई गई होती तो आज कांवड़ यात्रा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन से पहले श्रद्धालुओं को इस तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। लोगों का कहना है कि हर वर्ष अस्थायी पैचवर्क पर धन खर्च करने के बजाय सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो और आमजन को लंबे समय तक राहत मिल सके।


विडंबना यह है कि कांवड़ यात्रा को लेकर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां तो की जा रही हैं, लेकिन जिस सड़क से होकर हजारों शिवभक्त "हर-हर महादेव" का जयघोष करते हुए गुजरेंगे, उसकी बदहाली अब भी जस की तस बनी हुई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि आस्था का सम्मान केवल स्वागत द्वार, बैनर और घोषणाओं से नहीं, बल्कि सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराने से भी होता है।


स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पहले एटा रोड के गड्ढों को तत्काल भरवाकर सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए, ताकि भगवान भोलेनाथ के भक्तों को अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान ठोकरें न खानी पड़ें। आखिर आस्था की राह में गड्ढे नहीं, श्रद्धालुओं के लिए सम्मान बिछा होना चाहिए। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग समय रहते इस बदहाल सड़क की सुध लेते हैं या फिर हजारों शिवभक्तों को इसी टूटी सड़क पर कठिन और पीड़ादायक यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.