Tuesday, July 28, 2026

कावड़ यात्रा को लेकर एसपी ने किया कादरगंज गंगा घाट का निरीक्षण, ड्रोन निगरानी और सघन गश्त के निर्देश

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 28, 2026

कावड़ यात्रा को लेकर एसपी ने किया कादरगंज गंगा घाट का निरीक्षण, ड्रोन निगरानी और सघन गश्त के निर्देश

कावड़ रूट, डायवर्जन मार्ग और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

सावन माह की कावड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने मंगलवार को थाना सिकन्दरपुर वैश्य क्षेत्र स्थित कादरगंज गंगा घाट का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर तैनात फ्लड कंपनी के जवानों एवं स्थानीय गोताखोरों से सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


इसके बाद एसपी ने क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार तथा स्थानीय थाना प्रभारी के साथ सिकन्दरपुर वैश्य, पटियाली, एटा रोड और गंजडुंडवारा तक कावड़ रूट एवं डायवर्जन मार्गों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और पुलिस की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी स्थिति में यातायात बाधित न होने पाए।


निरीक्षण के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की समीक्षा करते हुए एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को कावड़ मार्ग पर लगातार भ्रमणशील रहने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा ग्राम प्रधानों, चौकीदारों, संभ्रांत नागरिकों और कावड़ मित्रों के साथ नियमित बैठक कर बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।


उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कावड़ यात्रा की पवित्रता को देखते हुए पूरे कावड़ मार्ग पर मांसाहारी भोजन और मदिरा के उपयोग पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए। इसके लिए ढाबा संचालकों, शराब विक्रेताओं और पेट्रोल पंप संचालकों को शासन के निर्देशों से समय रहते अवगत कराया जाए।

एसपी ने संदिग्ध स्थानों और ग्रामीण इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाने, अपराधियों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से कड़ी निगरानी रखने तथा कावड़ समितियों एवं अन्य विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर यात्रा के दौरान आने वाली प्रत्येक समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.