आगरा। अब तक युवतियों और बच्चियों पर तेजाब फेंकने की घटनाएं सामने आती रही है मगर ऐसा पहली बार देखने को मिला है कि जब प्रेमिका ने प्रेमी के चेहरे पर तेजाब फेंका हो। यह घटना आगरा के हरिवर्तन थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर की है। पुलिस ने प्रेमी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी से किया इन्कार तो युवक ने बना ली थी दूरी
आरोपी महिला शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। उसकी अपने पति से अनबन रहती थी। युवक की शास्त्रीनगर में दुकान है। आरोपी महिला का तीस वर्षीय युवक की दुकान पर आना जाना था। इस दौरान दोनों में प्रेम संबंध हो गए। युवक ने महिला से शादी करने को कहा तो उसने इन्कार कर दिया। इस पर युवक ने उससे दूरी बनाना शुरू कर दी और दूसरी जगह अपना रिश्ता तय कर लिया। इससे नाराज महिला ने वारदात को अंजाम दे डाला।
शादी करने के बाद नहीं उठाएगा खर्च, इसी बात का था डर
महिला का पति से अक्सर झगड़ा होता था। प्रेमी ही उसका सारा खर्च उठाता था। जब महिला को प्रेमी की शादी तय होने की बात पता चली तो उसे इस बात का डर सताने लगा कि अगर उसकी शादी हो जाएगी तो वह उसे खर्च देना बंद कर देगा। उसने शादी करने को लेकर विरोध भी किया लेकिन प्रेमी तैयार नहीं हुआ।
बात करने के बहाने आई और फेंक दिया तेजाब
महिला 27 जुलाई को बातचीत करने के बहाने युवक की दुकान पर आई। उस वक्त युवक दुकान पर अकेला बैठा था। इससे पहले की वह कुछ समझ पाता आते ही महिला ने अपने थैले से एक डिब्बा निकाला और उसके चेहरे पर फेंक दिया। इसके बाद फरार हो गई। घटना के बाद युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए और उन्होंने उसे अस्पताल भेजा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर महिला को गिरफ्तार कर लिया है।