बदायूं में थाने में हुए समझौते के बाद दंपती घर पहुंचा तो उसमें दोबारा विवाद हो गया। गुस्साए पति ने पत्नी को छत से फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गई। इतने पर भी जब उनका मन नहीं भरा तो ईंट से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
मामला थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव बनगढ़ का है। यहां की नाजिमा ने अपने पति शमीम पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए शिकायत एसएसपी और आईजीआरएस पर की थी। इसी सिलसिले में सोमवार सुबह पुलिस ने दोनों को कुंवरगांव थाने बुलाया था। जहां पुलिस ने दोनों के बीच समझौता करा दिया। समझौते के बाद पति-पत्नी घर पहुंचे तो रात में दोनों के बीच किसी बात पर फिर विवाद हो गया। इस पर शमीम ने नाजिमा को छत से धक्का दे दिया। नाजिमा के गंभीर घायल होने के बाद भी शमीम का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह छत से नीचे आया और आंगन में लहूलुहान पड़ी नाजिमा को खींचकर बरामदे में ले गया। इसके बाद सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर दी।
मोहल्ले वालों ने आरोपी पति को पकड़कर पुलिस को सौंपा
शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। इस दौरान शमीम ने भागने की कोशिश की लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। नाजिमा को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, इसके बाद पति ने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी पति हिरासत में है।