बरेली के शाही थाना क्षेत्र के गांव सब्जी खाता निवासी गौतम और उनकी पत्नी उमा देवी शुक्रवार रात अपने घर में सो रहे थे। गौतम के मुताबिक रात में चार बदमाश उनके घर में घुस आए और कमरा खोलकर उसमें रखी अलमारी और संदूक का ताला तोड़कर जेवर और रुपये निकालने लगे। आहट सुनकर पत्नी रूमा देवी की आंख खुल गई। उसने घर में बदमाशों को देखा तो उन्हें जगाया। बदमाशों ने उन्हें जागता देखा तो उन पर हमला कर दिया। दोनों की जमकर पिटाई की, जिससे रूमा देवी गंभीर घायल हो गईं।
शोर सुनकर गांव वाले पहुंचे तो भागे बदमाश
शोर सुनकर गांव वाले गौतम के घर की तरफ पहुंचे तो बदमाश भाग गए। लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का भी प्रयास किया लेकिन उनका पता नहीं चला। ग्रामीण घायल रूमा देवी और गौतम को शाही स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालात गंभीर होने पर रूमा देवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौतम ने बताया कि बदमाश उसके घर से सोने के कंगन, दो जोड़ी पायजेब, सोने का हार और नकदी लूटकर ले गए। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया है। गौतम की तहरीर पर पुलिस ने मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।