ढोलना के घिनौना गांव में गली के रास्ते को लेकर आमने-सामने आए ग्रामीण, प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर नीचे उतरे दोनों पक्ष
कासगंज, ढोलना। गांव की गली का रास्ता रोकने को लेकर चल रहे विवाद ने बुधवार को ऐसा तूल पकड़ा कि दो पक्षों के लोग पानी की टंकी और मोबाइल टावर पर चढ़ गए। एक पक्ष का व्यक्ति सुबह पानी की टंकी पर चढ़ा तो दूसरे पक्ष का व्यक्ति दोपहर में मोबाइल टावर पर जा पहुंचा। दोनों को नीचे उतारने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। करीब छह घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आखिरकार अधिकारियों के आश्वासन पर दोनों पक्ष नीचे उतरे, जिसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ थाने ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना ढोलना क्षेत्र के गांव घिनौना निवासी रूप किशोर शर्मा पुत्र बाबूराम का गांव के ही दूसरे पक्ष से गली का रास्ता रोकने को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि रास्ता बंद किए जाने से क्षुब्ध होकर बुधवार सुबह करीब 11 बजे रूप किशोर गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसके टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुटने लगी। मामला बढ़ता देख पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
इधर, दूसरे पक्ष के अजीत पुत्र चंद्रपाल, ध्यानपाल पुत्र प्रताप सिंह, अरुण पुत्र प्रताप सिंह, अरविंद पुत्र नवाब सिंह, संतोष पुत्र दफेदार सिंह, सोमेंद्र पुत्र दफेदार सिंह और महाराज सिंह पुत्र अनिखलाल समेत कई लोग मौके पर एकत्र हो गए। विवाद के बीच दोपहर करीब तीन बजे दूसरे पक्ष का रामवीर पुत्र दफेदार सिंह पास ही स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा।
एक टंकी पर, दूसरा टावर पर; तमाशबीनों की जुटी भीड़
एक ही विवाद में दो अलग-अलग स्थानों पर लोगों के चढ़ जाने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। पानी की टंकी और मोबाइल टावर पर चढ़े लोगों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाला।
सूचना पर नायब तहसीलदार बलवंत उपाध्याय, सोरों के नायब तहसीलदार सुरेश चौधरी और थाना प्रभारी ढोलना अवधेश भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से दोनों पक्षों से नीचे उतरने की अपील की। साथ ही बातचीत के जरिए विवाद को शांत कराने और रास्ते की समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया।
आश्वासन के बाद टावर से उतरा दूसरा पक्ष
प्रशासनिक अधिकारियों की काफी देर तक चली समझाइश और समस्या का शीघ्र निस्तारण कराने के ठोस आश्वासन के बाद दूसरे पक्ष का रामवीर करीब सवा दो घंटे बाद मोबाइल टावर से नीचे उतर आया। हालांकि, पानी की टंकी पर चढ़े रूप किशोर को नीचे उतारने में अधिकारियों को और अधिक समय लगा। वह करीब छह घंटे 15 मिनट बाद टंकी से नीचे आया। दोनों पक्षों के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
थाने पहुंचाए गए दोनों पक्ष, राजस्व टीम करेगी रास्ते के विवाद की जांच
थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया ने बताया कि पानी की टंकी और मोबाइल टावर पर चढ़े दोनों पक्षों के लोगों को सुरक्षित नीचे उतारकर पुलिस अभिरक्षा में थाने ले जाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। रास्ते को लेकर चल रहे विवाद का स्थायी समाधान कराने के लिए राजस्व टीम की मदद ली जाएगी। अधिकारियों का प्रयास है कि गांव में रास्ते को लेकर चल रहे विवाद का निस्तारण कराकर स्थिति सामान्य कराई जाए।