यूपी के जिला बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी साउथ मानुष पारीक को कई दिनों से फरीदपुर थाने के इंस्पेक्टर रामसेवक के खिलाफ घूसखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। एसएसपी के निर्देश पर एसपी मानुष पारिक ने बृहस्पतिवार दोपहर फरीदपुर इंस्पेक्टर के आवास पर छापा मारा।
एसपी टीम के साथ जैसे ही थाना परिसर के अंदर दाखिल हुए गाड़ियों के सायरन की आवाज सुनकर रामसेवक दीवार फांदकर भाग गया। एसपी के गनर और साथ में पहुंची टीम ने उसे पकड़ने के लिए पीछा किया मगर वह हाथ नहीं आया। वह शाहजहांपुर की तरफ भाग निकला।
पूरे जिले की पुलिस तलाश में जुटी
फरीदपुर थाने में इंस्पेक्टर रामसेवक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। अफसरों ने जिले के सभी थानों की पुलिस उसकी तलाश में लगा दी है। इसके साथ ही आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया है। कहीं से भी इनपुट मिलते ही उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
स्मैक तस्करों से ली थी घूस
छापे के दौरान इंस्पेक्टर के आवास से बेड पर रुपये पड़े मिले। गिनती करने पर यह रकम 9 लाख 86 हजार 400 रुपये निकली। अधिकारियों ने बताया कि फरीदपुर पुलिस ने गांव नवदिया निवासी स्मैक तस्कर आलम, मोहम्मद इस्लाम और नियाज अहमद को पकड़ा था। इन्हें छोड़ने के लिए इंस्पेक्टर रामसेवक ने 7 लाख रुपये लिए। यह पैसा थाने में स्थित आवास में लिया गया। एसपी ने यह पैसा सील कर दिया है।
रात से ही चल रही थी सौदेबाजी
बताते हैं कि बुधवार को पुलिस ने 6-7 स्मैक तस्करों को पकड़ा था। तस्करों के पकड़े जाने के बाद उनके परिजन उन्हें छुड़ाने में लगे थे, इसके लिए बुधवार रात से ही सौदेबाजी चल रही थी। कहा तो यहां तक जा रहा है कि तस्करों के ही किसी करीबी ने मामले की सूचना अफसरों को दी, इसके बाद ही पूरा खेल पकड़ा गया। चर्चा है कि जो रकम इंस्पेक्टर के आवास से बरामद हुई है रिश्वत इससे कई गुना ज्यादा ली गई है बाकि रकम इंस्पेक्टर अपने साथ लेकर भाग गया।
कई पुलिस कर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में
इस मामले में कुछ पुलिस कर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। दरअसल एसपी ने जब छापा मारा तो आवास में मौजूद इंस्पेक्टर रामसेवक दीवार फांदकर भाग गए। आखिर ऐसा क्यों हुआ यह बड़ा सवाल है। चूंकि थानों में अफसरों के औचक निरीक्षण अक्सर होते रहते हैं फिर ऐसा क्या पता चला इंस्पेक्टर को जो वह सायरन की आवाज सुनते ही दीवार फांदकर भाग निकले। इससे तो यही माना जा रहा है कि किसी से उन्हें पुख्ता सूचना मिली थी कि अफसर टीम लेकर उन्हें पकड़ने आ रहे हैं।