Tuesday, March 31, 2026

शरीर पर दर्द रहित दाग-धब्बा दिखाई दे तो जरूर कराएं कुष्ठ रोग की जांच

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 2, 2024

शरीर पर दर्द रहित दाग-धब्बा दिखाई दे तो जरूर कराएं कुष्ठ रोग की जांच
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार वर्मा ने बताया कि कुष्ठ रोग कोई दैवीय आपदा या ईश्वर का शाप नहीं है, बल्कि यह एक बीमारी है, जो किसी को भी हो सकती है। कुष्ठ रोग को शाप या छुआछूत का रोग समझकर कुष्ठ रोगी से भेदभाव न करें। कुष्ठ रोग के शुरुआती लक्षणों में त्वचा पर हल्के या गहरे रंग के दाग-धब्बे हो सकते हैं, जो सुन्न होते हैं और इनमें दर्द नहीं होता है। 

कुष्ठ रोग का समय पर इलाज बेहद जरूरी
डॉ. अजय कुमार वर्मा ने बताया कि अगर किसी के शरीर पर ऐसे कोई दाग-धब्बे दिखाई दें तो स्वास्थ्य विभाग की टीम को बताएं। इसके बाद मरीजों की स्क्रीनिंग करके जांच की जाएगी और यदि जांच में कुष्ठ की पुष्टि होगी तो मरीजों का उपचार किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि कुष्ठ रोग का इलाज संभव है, लेकिन समय पर इलाज बहुत जरूरी है। अगर इलाज में देरी होती है तो यह रोग गंभीर रूप ले सकता है और त्वचा, नसों और अंगों को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है।

14 दिन तक चलेगा अभियान
जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. वीडी गौतम ने बताया कि अभियान को जिले के 10  ब्लॉक और शहरी क्षेत्र में चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता और एक पुरुष सदस्य की टीम, जबकि शहरी क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एक पुरुष सदस्य की टीम लक्षणयुक्त व्यक्तियों की स्क्रीनिंग करेंगी। इसके बाद संभावित कुष्ठ रोगियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर किया जाएगा। यह अभियान 14 दिन चलेगा। इसे पल्स पोलियो अभियान की भांति चलाया जाना है। दो वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की लक्षण के आधार पर उनके घर पर ही स्क्रीनिंग होगी। 

शरीर पर कोई भी सुन्न दाग धब्बा हो तो जांच जरूर कराएं
जिला कुष्ठ रोग अधिकारी ने बताया कि अगर शरीर पर कोई भी सुन्न दाग धब्बा हो तो कुष्ठ की जांच अवश्य करानी चाहिए। हल्के रंग के व्यक्ति की त्वचा में गहरे और लाल रंग के भी धब्बे हो सकते हैं। हाथ या पैरों की अस्थिरता या झुनझुनी, हाथ पैर व पलकों में कमजोरी, नसों में दर्द, चेहरे या कान में सूजन अथवा घाव और हाथ या पैरों में दर्द रहित घाव भी इसके लक्षण हैं। तुरंत जांच और इलाज से मरीज ठीक हो जाता है और सामान्य जीवन जी सकता है। 

समय पर इलाज न कराने से हो सकती है दिव्यांगता
समय पर इलाज ने कराने पर कुष्ठ दिव्यांगता का रूप ले सकता है। सुन्न दाग धब्बों की संख्या जब पांच या इससे कम होती है और कोई नस प्रभावित नहीं होती या केवल एक नस प्रभावित होती है तो मरीज को पासी बेसिलाई (पीबी) कुष्ठ रोगी कहते हैं जो छह माह के इलाज में ठीक हो जाता है। 

अगर सुन्न दाग धब्बों की संख्या छह या छह से अधिक हो और दो या इससे अधिक नसें प्रभावित हों तो ऐसे रोगी को मल्टी बेसिलाई (एमबी) कुष्ठ रोगी कहते हैं और इनका इलाज होने पर साल भर का समय लगता है। कुष्ठ रोगी को छूने और हाथ मिलाने से इस रोग का प्रसार नहीं होता। रोगी से अधिक समय तक अति निकट संपर्क में रहने पर उसके ड्रॉपलेट्स के जरिये ही बीमारी का संक्रमण हो सकता है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.