मुरादाबाद, जागरण टुडे संवाददाता
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के छजलैट थाना क्षेत्र के कुचावली गांव में एक युवक को उसके ही साथियों ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। उनके बीच विवाद चोरी के माल के बंटवारे को लेकर हुआ था। घटना के बाद एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह और सीओ कांठ अपेक्षा निंबाडिया ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मुरादाबाद जिले के छजलैट थाना क्षेत्र में हुई वारदात
मुरादाबाद के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र के काजीपुरा निवासी निखिल पाल की दोस्ती छजलैट थाना क्षेत्र के गांव कुचावली निवासी यश चौधरी से थी। दोनों चोरी की वारदातों को साथ में रहकर अंजाम देते थे। कुछ दिन पहले चोरी के माल के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद से निखिल दोस्त यश का फोन नहीं उठा रहा था।
अनजान नंबर से आया था निखिल के मोबाइल पर फोन
आरोप है कि सोमवार को निखिल के मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन पहुंचा। यश चौधरी ने उसे चोरी का माल बेचने का लालच देकर बुलाया था। वहां पहुंचने पर यश अपने साथियों के साथ निखिल का अपहरण करके अपने गांव कुचावली ले गया और लाठी-डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी फरार, एसपी देहात ने किया मौका मुआयना
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि छजलैट थाना क्षेत्र के गांव कुचावली में युवक की मौत की सूचना मिली थी। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस घटना को बारीकी से जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराई जाएगी।