मुख्य सेविका भर्ती : मथुरा की 16 चयनित महिलाओं को मिला नियुक्ति पत्र
मथुरा। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत चयनित मुख्य सेविकाओं को गुरुवार 27 अगस्त को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। प्रदेश स्तर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 2425 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। मथुरा जनपद से चयनित 16 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह और सांसद प्रतिनिधि जर्नादन शर्मा उपस्थित रहे। इस मौके पर मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में भर्तियाँ पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब योग्य युवाओं को अवसर मिल रहा है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों में नौकरियों के लिए सिफारिश और पैसों का बोलबाला था। मंत्री ने उम्मीद जताई कि मथुरा से चयनित सभी महिलाएँ सेवा में तैनाती के बाद उत्कृष्ट कार्य कर जनपद का नाम रोशन करेंगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती बुद्धि मिश्रा ने जानकारी दी कि विभाग में मुख्य सेविका पद पर भर्ती लगभग 20 वर्षों बाद हुई है। यह पद केवल महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को मेहनत और लगन से सफलता प्राप्त करने पर बधाई दी।इनियुक्ति पत्र पाकर चयनित महिलाओं के चेहरे खिल उठे। अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में दिन-रात मेहनत की और अब सेवा में पूरी निष्ठा से काम करेंगी।
अधिकारियों ने बताया कि नियुक्ति पत्र मिलने के बाद शीघ्र ही अभ्यर्थियों की तैनाती जनपदवार की जाएगी। इसके लिए उन्हें अपने मनपसंद जिले का विकल्प देने की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीणा ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया और जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।