जागरण टुडे, बरेली
अतिक्रमण और गंदगी की वजह से अस्तित्व खो रही किला नदी को संरक्षित करने की कवायद अब तेज हो गई है। डीएम अविनाश सिंह ने निर्देश दिए हैं कि नदी किनारे स्थित भवनों के मालिकों को नोटिस जारी किया जाए ताकि वे अपने आवास या भवन का सीवेज सीधे नदी में न गिराएं। भवन स्वामियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को ऐसे सभी भवनों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं।
निजी अस्पतालों और हेल्थ केयर सेंटरों के लिए जारी होगी एसओपी
गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम को जैव-चिकित्सा अपशिष्ट निस्तारण करने वाली एजेंसियों और उनके वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए। अनियमितता पाए जाने पर अधिक से अधिक जुर्माना लगाने के लिए भी कहा गया।साथ ही निजी अस्पतालों और हेल्थ केयर सेंटरों के लिए एक एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) बनाने का निर्देश दिया गया ताकि जैव-चिकित्सा अपशिष्ट का सही तरीके से निस्तारण हो और प्रदूषण न फैले।
नकटिया नदी पर किए गए अतिक्रमण की सात दिन में रिपोर्ट तलब
जिला गंगा समिति की बैठक में डीएम ने नकटिया नदी के दोनों किनारों पर हो रहे अतिक्रमण और अवैध निर्माण की जांच कर सात दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड को यह भी कहा कि जब तक रामगंगा नदी का फ्लड प्लेन निर्धारित नहीं हो जाता, तब तक लोगों को जागरूक किया जाए और किनारों पर निर्माण कार्य रोके जाएं।
सीवेज सिस्टम और एसटीपी पर जोर
अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय को निर्देश दिए गए कि बरेली नगर के सीवेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए नालों का चिह्नीकरण और टैपिंग करें। साथ ही एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण का प्लान तैयार कर शासन को भेजा जाए।
बहेड़ी सीएनजी फैक्ट्री और सीबीगंज उद्योग पर निगरानी
बहेड़ी के रिछा गांव स्थित सीएनजी फैक्ट्री के पास खेतों में बने बड़े गड्ढों में जमा हो रहे गंदे पानी की जांच के आदेश दिए गए हैं। डीएम ने प्रदूषण बोर्ड, एसडीएम बहेड़ी और उपायुक्त उद्योग को संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा है। वहीं, सीबीगंज वन क्षेत्र में सुपीरियर इंडस्ट्रीज द्वारा प्रवाहित गंदे पानी के निस्तारण के लिए अक्टूबर तक फैक्ट्री के अंदर एसटीपी निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।