विकास श्रीवास्तव , बदायूं
बदायूं में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बहेड़ी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को जिला स्तरीय त्रिदिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि खेल हमें अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं, आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और युवाओं को नशे से दूर रखने का सबसे प्रभावी साधन हैं।
खेल से बनता है स्वस्थ तन और स्वस्थ मन
केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने युवाओं से खेल को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “खेलेगा इंडिया तो खिलेगा इंडिया” और खेल मंत्रालय की ओर से सांसद खेल प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण पोर्टल भी लॉन्च किया गया है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हॉकी को विश्व पटल पर लोकप्रिय बनाया और भारत का नाम रोशन किया।
सांसद खेल महोत्सव की होगी मेजबानी
मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने बताया कि बदायूं में सांसद खेल महोत्सव – फिट युवा, फोर विकसित भारत का आयोजन 21 सितंबर से 25 दिसंबर 2025 तक होगा। अभी तक 10 खेलों को चिन्हित किया गया है और पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबॉल में ये टीमें रहीं विजेता
-
पहले सेमीफाइनल में स्टेडियम ट्रेनीज ने बहेड़ी 11 को 4-0 से हराया।
-
दूसरे सेमीफाइनल में उच्च माध्यमिक विद्यालय बहेड़ी ने स्टेडियम बी को 3-2 से मात दी।
-
फाइनल मुकाबले में स्टेडियम ट्रेनीज ने शानदार खेल दिखाते हुए उच्च माध्यमिक विद्यालय बहेड़ी को 4-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
साथ ही जूनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता की भी शुरुआत की गई, जिसका समापन 31 अगस्त को होगा।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों और दर्शकों को फिट इंडिया की शपथ दिलवाई।
इस अवसर पर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।