महंगे शौक पूरे करने और आईफोन खरीदने की चाह ने एक युवक को अपराध की दुनिया में धकेल दिया। बारादरी थाना पुलिस ने ग्राम कुंडरा सुभाषनगर निवासी अमन को 117 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सैटेलाइट चौराहे पर शक के आधार पर एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 117 ग्राम स्मैक बरामद हुई। युवक की पहचान अमन निवासी कुंडरा सुभाषनगर के रूप में हुई। गिरफ्तारी के दौरान अमन का साथी गुलशन सिंह चौहान, निवासी महेशपुरा ठाकुरान, मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पूछताछ में अमन ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से आईफोन खरीदने की चाह रखता था। इसके लिए उसने स्मैक खरीदकर उसे बेचने की योजना बनाई थी। उसने बताया कि स्मैक उसे गुलशन सिंह चौहान ने उपलब्ध कराई थी। इसे बेचकर मिलने वाले मुनाफे से वह आईफोन और महंगे शौक पूरे करने की फिराक में था।
पुलिस ने अमन को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया और कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस फरार आरोपी गुलशन की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि नशे का कारोबार सिर्फ लत ही नहीं बल्कि लालच और महंगे शौक भी लोगों को अपराध के रास्ते पर धकेल रहे हैं।