कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सर्वे कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन तहसीलों में अभी तक आईडी एक्टिव नहीं हुई हैं, उन्हें तत्काल सक्रिय किया जाए।
डीएम ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और समयबद्ध तरीके से सर्वे पूरा हो।
बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सर्वे कार्य में लगे कार्मिकों को समय-समय पर प्रोत्साहित किया जाए, ताकि वे और बेहतर उत्साह से कार्य कर सकें और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कर दें। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि शासन द्वारा आईडी जनरेट करने की अंतिम तिथि 6 सितंबर तय की गई है, इसलिए इस तिथि तक हर हाल में सभी आईडी सक्रिय कर ली जाएं।
डीएम अविनाश सिंह ने एडीओ पंचायतों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे सप्ताह में कम से कम एक बार स्थलीय निरीक्षण करें और यदि कोई कमी या त्रुटि मिले तो उसे तत्काल सुधारें। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर निगरानी से ही गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित हो सकेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, डीसी मनरेगा हसीब अंसारी, जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर, जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी सहित सभी उपजिलाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी से समन्वय बनाकर इस महत्वपूर्ण कार्य को समय से पूरा करने का आह्वान किया।