बरेली थाना किला क्षेत्र के छावनी मोहल्ले में गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर रविवार को दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। इसका पता लगने पर किला थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। इसके बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद मामला शांत हो गया।
किला छावनी में रहने वाले भाजपा कार्यकर्ता राजेंद्र कश्यप ने अपना नया मकान बनवाया है। राजेंद्र के मुताबिक उन्होंने अपने घर के सामने गणेश प्रतिमा स्थापित की है। जहां शनिवार को वन राज्यमंत्री डॉ अरुण कुमार गणेश प्रतिमा का पूजन करने पहुंचे थे। दो सितंबर को प्रतिमा रामगंगा ले जाकर विसर्जित की जाएगी। गणेश विसर्जन यात्रा के रास्ते को लेकर दूसरे समुदाय के लोगों ने विरोध जताया और उसकी शिकायत किला पुलिस से कर दी।
राजेंद्र कश्यप के मुताबिक रविवार सुबह उनके घर किला चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ जा धमके। उन्होंने राजेंद्र, उनके घरवालों और आसपास के लोगों से बातचीत की। राजेंद्र का कहना है कि कुछ दिन पूर्व एक व्यक्ति के खाली प्लॉट पर दूसरे समुदाय के लोगों ने उर्स का कार्यक्रम आयोजित किया था, जिस पर किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई। अब गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा को लेकर बेवजह विरोध किया जा रहा। रविवार दोपहर किला थाना प्रभारी ने मौका मुआयना किया।
इसके बाद किला थाने में दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया गया। जहां दोनों समुदायों के लोगों ने अपना-अपना पक्ष रखा। फिर दोनों पक्षों की सहमति से तय हुआ कि 02 सितम्बर को प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। विर्सजन यात्रा में 10 से 12 लोग और कुछ महिलाएं शामिल होंगी। प्रतिमा को ठेले पर रखकर डोल-नगाड़ों के साथ रामगंगा ले जाया जाएगा। विसर्जन यात्रा का मार्ग भी तय कर लिया गया है।